महाविद्यालय में मेगा रोजगार मेले में 600 विद्यार्थियों ने दिया साक्षात्कार ।
आदर्श महिला महाविद्यालय में मेगा रोजगार मेले में 600 विद्यार्थियों ने दिया साक्षात्कार।
हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों की 22 निजी कंपनियां बेटियों को नौकरी देने के लिए पहुंची ।
आदर्श महिला महाविद्यालय में बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्राचार्या डाॅ. अलका मित्तल के संयोजन में आयोजित इस रोजगार मेले में प्रदेशभर की 22 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लेते हुए छात्राओं एवं युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए। रोजगार मेले में लगभग 600 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। यह आयोजन अपने आप में इसलिए भी अनूठा रहा क्योंकि इसमें महाविद्यालय की छात्राओं ही नहीं बल्कि प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी पंजीकरण करवाया। सुबह से ही परिसर में विद्यार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। पंजीकरण काउंटरों पर छात्राओं ने अपने दस्तावेज जमा करवाए तथा कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया। विभिन्न कंपनियों द्वारा मार्केटिंग, बैंकिंग, आईटी, कस्टमर सर्विस, अकाउंट्स, एचआर, एजुकेशन एवं मैनेजमेंट सहित अनेक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए। इस मौके पर प्राचार्या डाॅ. अलका मित्तल ने कहा कि बेटियों को निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लिए यह एक बड़ा और सार्थक मंच साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि लड़कियों का वित्तिय स्वतंत्र होना अत्यंत आवश्यक है, इसी उद्देश्य से आगे भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन नियमित रूप से महाविद्यालय में करवाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। डाॅ. अलका मित्तल ने आगे कहा कि महाविद्यालय सदैव छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेलों, कौशल विकास कार्यक्रमों एवं करियर मार्गदर्शन शिविरों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके। उन्होंने रोजगार मेले में भाग लेने वाली सभी कंपनियों, आयोजकों तथा सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम की संयोजिका डाॅ. गायत्री बंसल रहीं व उनके साथ डाॅ. प्रीति शर्मा, शीतल केडिया एवं रिचा भी मौजूद रही। रोजगार मेले के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई कंपनियों ने लिखित परीक्षा, समूह चर्चा एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्राओं के आत्मविश्वास, संवाद कौशल तथा कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। मेले में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया, जिससे उन्हें निजी क्षेत्र की कार्यशैली एवं अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला।मेले में चयनित छात्राओं ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें साक्षात्कार के दौरान अच्छे ऑफर प्राप्त हुए हैं। कई छात्राओं ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद उन्हें 15 हजार से लेकर 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पैकेज की पेशकश की गई है, जो उनके करियर की शानदार शुरुआत साबित होगी।










