आदर्श महिला महाविद्यालय भिवानी में यौन उत्पीड़न विरोधी प्रकोष्ठ और कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ के तत्त्वावधान में विस्तार व्याख्यान कार्यक्रम हुआ सम्पन्न
बहुत ही हर्ष का विषय है कि दिनांक 18-4-2024 को आदर्श महिला महाविद्यालय भिवानी में यौन उत्पीड़न विरोधी प्रकोष्ठ और कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ के तत्त्वावधान में एक विस्तार व्याख्यान कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। यह व्याख्यान वरिष्ठ अधिवक्ता मैडम शीला तंवर द्वारा दिया गया। इस कार्यक्रम में व्याख्यान का विषय रहा- यौन उत्पीड़न के खिलाफ कानूनी जानकारी।
आज हमें हर रोज अखबार, टी.वी. चैनल, सोशल मीडिया, पर महिला उत्पीड़न की तमाम खबरें पढ़ने और देखने को मिलती है। अनेक महिलाएँ व लड़कियाँ बद से बदतर हालात में अपना जीवन जीने के लिए मजबूर हैं। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग होना चाहिए। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए आज का यह कार्यक्रम रखा गया है।
मैडम शीला तंवर जी ने बताया कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए अनेक कानून बन रहे हैं। कानून बनाने के साथ यह भी जरूरी है। कि नारी समाज में कानूनों के प्रति सजगता होनी चाहिए। मैडम शीला तंवर ने दहेज प्रथा संबंधी, कन्या भ्रूण हत्या संबंधी, यौन उत्पीड़न संबंधी, पिता की संपत्ति में अधिकार संबंधी, सीनियर सिटीजन अधिकार संबंधी कानूनों की जानकारी दी। सही मायने में इस प्रकार के कार्यक्रम तभी सार्थक होंगे जब महिलाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से संपूर्ण आजादी मिलेगी। जब उन्हें कोई प्रताड़ित नहीं करेगा, जहाँ हर महत्वपूर्ण फैसले में उसके नजरिए को तब्बजो दी जाएगी। तात्पर्य यह है कि उसे भी पुरुष के समान इंसान समझा जाएगा, जहाँ वह सिर उठाकर महिला होने पर गर्व कर सकेगी। कार्यक्रम की संचालिका डॉ० मधु मालती ने महाविद्यालय परिवार की ओर से मैडम शीला तंवर को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया। प्राचार्य डॉ० अलका मित्तल ने कार्यक्रम की सफलतापूर्वक संपन्नता पर शिक्षक वर्ग और विद्यार्थियों को बधाई दी।




